पटना। बिहार में चल रही राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की वोटर अधिकार यात्रा (Voter Adhikar Yatra) में अब यूपी के दिग्गज नेता की एंट्री हो गयी है। जी हाँ, समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) भी इस यात्रा में शामिल हो गए है। दरअसल राहुल-तेजस्वी के नेतृत्व में यह यात्रा इंडिया ब्लॉक द्वारा बिहार विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के खिलाफ शुरू की गई है, जिसमें मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं और वोट चोरी का मुद्दा उठाया जा रहा है।
इसे भी पढ़ें-‘Voter Adhikar Yatra’ के दौरान हादसा, राहुल गांधी की गाड़ी के नीचे आया पुलिसकर्मी
वोटर अधिकार यात्रा आज अपने 14वें दिन में प्रवेश कर चुकी है। यह यात्रा अब अपने अंतिम पड़ाव की ओर बढ़ रही है। इस बीच अखिलेश यादव इस यात्रा में शामिल हो गए है। शनिवार इस यात्रा की शुरुआत सारण से हुई, जहां कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव के साथ सपा प्रमुख अखिलेश यादव भी शामिल हुए। सारण जिले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के दौरे को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती के साथ ही उनके काफिले के रास्तों पर विशेष चौकसी बरती गई थी। इस दौरान उनके रोड शो में भारी भीड़ उमड़ी और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही।

राहुल गांधी, राजद नेता तेजस्वी यादव और सपा प्रमुख एवं सांसद अखिलेश यादव ने बिहार के सीवान में महागठबंधन की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ को आगे बढ़ाते हुए जनता को संबोधित किया। इस दौरान अखिलेश ने बीजेपी पर हमला करते हुए कहा कि, इस बार बीजेपी की हार लिखेगा बिहार, अवध में हारे है, बिहार की जनता उन्हें अब मगध में भी हराएगी। इसके अलावा तीनों नेताओं ने केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोला, खासकर बेरोजगारी, महंगाई और सामाजिक न्याय जैसे मुद्दों पर जोर दिया। तीनों नेताओं ने एकजुट होकर मतदाताओं से लोकतंत्र और अपने अधिकारों की रक्षा के लिए महागठबंधन का समर्थन करने की अपील की।
बता दें कि वोटर अधिकार यात्रा 17 अगस्त को बिहार के सासाराम से शुरू हुई थी। 16 दिनों की यह यात्रा लगभग 20 जिलों से होकर गुजरी है और 1,300 किलोमीटर की यात्रा पूरी करने के बाद, 1 सितंबर को पटना में एक बड़ी रैली के साथ यात्रा का समापन होगा। इस यात्रा को लेकर भारत ब्लॉक में शामिल राजनीतिक दलों का दावा है कि बिहार की जनता का उन्हें पूरा समर्थन है। जनता ने राहुल गांधी द्वारा उठाए गए SIR और वोट चोरी के मुद्दे का समर्थन किया है।