नई दिल्ली। देश की राष्ट्रीय राजधानी कही जाने वाली दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) की सुरक्षा से सम्बंधित बड़ी खबर सामने आ रही है। उन पर कल की हमले वाली घटना के बाद अब उनकी सुरक्षा में बड़ा बदलाव किया गया है। सीएम रेखा गुप्ता को अब Z श्रेणी की CRPF सुरक्षा दी जाएगी। बुधवार को सिविल लाइंस स्थित अपने कैंप कार्यालय में जनसुनवाई के दौरान रेखा गुप्ता पर हमला हुआ था। जिसके बाद यह फैसला लिया गया है।
इसे भी पढ़ें-दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को शख्स ने जड़ा थप्पड़, हिरासत में आरोपी
बता दें कि दिल्ली के मुख्यमंत्री के आवास पर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवान तैनात रहेंगे। पहले मुख्यमंत्री आवास की सुरक्षा दिल्ली पुलिस संभालती थी। हालांकि, अब दिल्ली पुलिस की जगह CRPF सीएम रेखा गुप्ता की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालेगी। इसके अलावा, उनकी सुरक्षा में CRPF के जवान तैनात रहेंगे। सूत्रों की मानें तो हमले के बाद अब जनसुनवाई के दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के आसपास की सुरक्षा कड़ी कर दी जाएगी। किसी भी व्यक्ति को सीधे मुख्यमंत्री से संपर्क करने की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा, ऐसे कार्यक्रमों के दौरान दर्ज की गई सभी शिकायतों पर विचार करने से पहले उनकी जांच होगी।

दरअसल बुधवार को एक व्यक्ति याचिकाकर्ता बनकर मुख्यमंत्री से मिला और मौका मिलते ही उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि उस व्यक्ति ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को थप्पड़ मारा और धक्का दिया। इससे वह ज़मीन पर गिर गईं। हालांकि आरोपी को सुरक्षाकर्मियों ने उसी समय पकड़ लिया, जिसकी पहचान गुजरात के राजकोट निवासी राजेश खिमजी के रूप में हुई है। फिलहाल आरोपी को जाँच के बाद पुलिस हिरासत में पांच दिन के लिए भेज दिया गया है।
इस हमले में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता घायल हो गई हैं। वह डॉक्टरों की निगरानी में हैं। गुरुवार को भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज समेत कई नेता उनसे मिलने गए। दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा ने बताया कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। उन्होंने कहा कि यह कोई सामान्य घटना नहीं है। उधर तमाम नेताओं ने सीएम रेखा गुप्ता पर हुए हमले की कड़ी निंदा की।