मुंबई। मराठी फिल्म जगत की जानी-मानी एक्ट्रेस प्रिया मराठे (Priya Marathe) का रविवार को निधन हो गया है। उन्होंने 38 साल की अल्प आयु में दुनिया को अलविदा कह दिया। प्रिया मराठे लोकप्रिय धारावाहिक ‘पवित्र रिश्ता’ से सुर्खियां बटोरी थीं। बताया जा रहा है कि कैंसर से जूझ रही थीं। प्रिया ने मीरा रोड स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से मराठी फिल्म जगत में शोक की लहर दौड़ गई। हर कोई उनकी मौत से दुखी है। उनका आज शाम अंतिम संस्कार किया जाएगा।
इसे भी पढ़ें-Sai Dhansika-Vishal Engagement: एक्टर विशाल ने की फेमस एक्ट्रेस संग सगाई, फोटोज वायरल
इतनी कम उम्र में प्रिया मराठे (Priya Marathe) का निधन उनके प्रशंसकों के लिए विशवास न करने जैसा है। उनके निधन की खबर सुनते ही लोग सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि देने लगे हैं। प्रिया मराठे का आकस्मिक निधन उनके परिवार और प्रशंसकों के लिए बेहद दुखद समाचार है। उनका जाना मराठी फिल्म जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है। छोटे पर्दे पर उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।
दिवंगत एक्ट्रेस के वर्क फ्रंट की बात करें तो बता दें कि अपने अभिनय करियर की शुरुआत 23 अप्रैल 1987 को ठाणे जन्मी प्रिया मराठे ने साल 2006 में की। उन्होंने सबसे पहले जिस मराठी धारावाहिक में काम किया उसका नाम ‘या सुखानो या’ था। प्रिया मराठे ने एकता कपूर के फेमस टीवी धारावाहिक ‘पवित्र रिश्ता’ में वर्षा के किरदार में घर-घर अपनी पहचान बनाई। इसके अलावा हिंदी टीवी धारावाहिकों ‘साथ निभाना साथिया’ और ‘बड़े अच्छे लगते हैं’ में भी अहम रोल निभाया। टीवी धारावाहिकों के अलावा, उन्होंने कुछ मराठी फिल्मों में भी काम किया।

प्रिया मराठे ने 2012 में एक्टर शांतनु मोघे से विवाह किया। शांतनु भी मंझे हुए अभिनेता हैं और उन्होंने ‘स्वराज्यरक्षक संभाजी’ में छत्रपति शिवाजी महाराज की भूमिका निभाई थी। इस जोड़ी को लोगों ने खूब पसंद किया। उन्हें फिल्म उद्योग की सबसे प्रतिभाशाली और खूबसूरत जोड़ियों में से एक माना जाता था। प्रिया मराठे ‘पवित्र रिश्ता’, ‘चार दिवस सासुचे’, ‘तू तीथे में’, ‘स्वराज्यरक्षक संभाजी’ और ‘या सुखानो’ जैसे लोकप्रिय टीवी धारावाहिकों के लिए जानी जाती हैं। वह न केवल मराठी, बल्कि हिंदी टीवी दर्शकों के बीच भी अपने अभिनय के लिए प्रसिद्ध थीं।