कटक। ओडिशा के कटक स्थित SCB मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में सोमवार को एक भीषण आग लगने की घटना ने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया। यह हादसा सोमवार तड़के करीब 3 बजे हुआ, जब अस्पताल की पहली मंजिल पर स्थित ट्रॉमा केयर इमरजेंसी डिपार्टमेंट में अचानक आग भड़क उठी। आग की वजह से अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई और कई मरीजों की हालत गंभीर हो गई।
इसे भी पढ़ें-युद्ध के बीच बड़ा कदम, अमेरिका ने Oman से वापस बुलाए अपने कर्मचारी
अधिकारियों के अनुसार, इस हादसे में 10 मरीजों की मौत हो गई, जिनमें से कुछ की मौत ICU में दम घुटने से हुई, जबकि कुछ को शिफ्ट करते वक्त अपनी जान गंवानी पड़ी। इसके अलावा, पांच मरीजों की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है, जबकि अस्पताल स्टाफ को भी कुछ चोटें आई हैं, हालांकि उनकी संख्या अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है।
फायर ब्रिगेड और अस्पताल स्टाफ ने दिखाई तत्परता:
आग लगने के बाद अस्पताल स्टाफ और फायर ब्रिगेड ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर दिया। अस्पताल के अपने फायर डिपार्टमेंट ने सबसे पहले रिस्पॉन्स किया और उसके बाद मौके पर तीन फायर टेंडर भी पहुंचे। आग पर काबू पाने के लिए तेजी से काम किया गया, लेकिन धुएं और आग की वजह से कई मरीजों को भारी नुकसान हुआ। ICU में भर्ती गंभीर मरीजों को तुरंत बाहर निकाला गया और उन्हें अस्पताल के न्यू मेडिसिन ICU में शिफ्ट कर दिया गया।
ओडिशा के मुख्यमंत्री ने किया घटनास्थल का दौरा:
घटना के बाद ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और कटक के जिला कलेक्टर के साथ-साथ DCP भी घटनास्थल पर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने पीड़ितों से मिलने के लिए न्यू मेडिसिन बिल्डिंग का दौरा किया और स्थिति का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने इस दर्दनाक हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा, “मैं SCB अस्पताल के ट्रॉमा केयर ICU में आग लगने की दुखद घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त करता हूँ। मैं घटनास्थल पर जाकर स्थिति का जायजा लिया है और प्रभावित मरीजों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट करने और उनका इलाज जारी रखने का निर्देश दिया है।”

मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिवारों के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष (CMRF) से 25 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। साथ ही, उन्होंने सभी घायल मरीजों के इलाज के लिए बेहतर मेडिकल केयर सुनिश्चित करने का भी आदेश दिया।
प्रधानमंत्री मोदी ने जताया शोक:
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि ओडिशा के कटक स्थित SCB मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में हुई दुर्घटना अत्यंत दुखद है। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खो दिया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।
प्रधानमंत्री ने इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। घायलों को 50,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने का भी एलान किया।
हादसे से जुड़ी जांच शुरू:
इस हादसे ने एक बार फिर अस्पतालों में सुरक्षा मानकों की अवहेलना पर सवाल उठाए हैं। इस घटना की गंभीरता को देखते हुए ओडिशा सरकार ने जांच शुरू कर दी है कि आग किस कारण से लगी और क्या कोई लापरवाही हुई थी। फायर सेफ्टी और अस्पताल के अन्य सुरक्षा उपायों को लेकर प्रशासन की ओर से विशेष ध्यान दिया जाएगा।
आगजनी की घटना और अस्पताल की स्थिति:
रविवार रात से सोमवार सुबह के बीच, करीब 2:30 बजे अचानक SCB अस्पताल के ICU में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और अस्पताल में तैनात कर्मचारी और मरीजों में हड़कंप मच गया। आग की लपटों और धुएं ने ICU में भर्ती मरीजों के लिए खतरे को बढ़ा दिया। हालांकि, अस्पताल के स्टाफ और फायर ब्रिगेड के प्रयासों से आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक 10 मरीजों की जान जा चुकी थी और कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री ने की ये घोषणाएं:
इस दुखद घटना के बाद, मुख्यमंत्री ने राहत की घोषणा की और मृतकों के परिजनों को 25 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने का वादा किया। वहीं, प्रधानमंत्री ने भी PMNRF से मृतकों के परिवारों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की सहायता राशि देने की बात कही। इस घटना ने न केवल कटक शहर बल्कि पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया है।
मृतकों की लिस्ट:
रमेश चंद्र परिडा
दासरू मुंडा,
एमडी नयूम,
गौरांग चंद्र बारिक,
सेख अब्दुल सतर,
मधुसूदन दलाई
कृष्ण चंद्र बिस्वाल,
रविंद्र दास,
चेरू परिडा,
मेनका राउत
धुआं और आग के कारण कई मरीजों को भारी नुकसान हुआ। आईसीयू में भर्ती गंभीर मरीजों को तुरंत सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। गंभीर रूप से बीमार मरीजों को अस्पताल के न्यू मेडिसिन आईसीयू में शिफ्ट किया गया। आग किस कारण लगी, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। प्रशासनिक लापरवाही या शॉर्ट सर्किट, आग लगने का कारण क्या है, यह जांच के बाद ही सामने आएगा।


